Thursday, December 1, 2011

आईएएस के घर से लाखों की चोरी

आईएएस अधिकारी के पैतृक आवास में सो रहे परिजनों को एक कमरे में बंद कर चोरों ने नगदी, सोने चांदी के आभूषण चुरा लिए। चोरों की आहट पर मकान के नीचे के कमरे में सो रहे युवक के जागने पर चोर भाग गए। आईएएस अधिकारी के पैतृक आवास से चोरी की जानकारी होते ही पुलिस हरकत में आ गई। आईएएस के छोटे भाई ने चोरी की तहरीर थाने में दे दी है।
थाना कोतवाली के राजा का बाग निवासी पवन कुमार सिंह नोएडा में सीडीओ के पद पर तैनात हैं। उनके परिवार के लोग राजा का बाग में निवास करते हैं। उनके आवास में पिछले दिनों निर्माण कार्य करने के लिए मजदूरों को लगाया गया था। मंगलवार की रात पवन के परिवार के लोग घर में सो रहे थे। रात दो बजे के बाद अज्ञात चोर घर में प्रवेश कर गए। चोरों ने मकान के ऊपरी हिस्से में बने उस कमरे की कुंडी बाहर से बंद कर दी। जिसमें परिवार की महिलायें तथा पुरुष लेटे थे। चोरों ने दूसरे कमरे का ताला तोड़कर प्रवेश कर लिया।
बताते हैं कि इस कमरे में रखी एक अलमारी का चोरों ने किसी तरह ताला खोल लिया। अलमारी में रखी 40 हजार रुपये की नगदी, सोने चांदी के आभूषण चुरा लिए। परिजनों के अनुसार चोर लगभग दो लाख कीमत के आभूषण चुरा ले गए हैं। इसी बीच चोरों की आहट पाकर मकान के नीचे के कमरे में सो रहा पवन का छोटा भाई श्यामू जाग गया। वह मकान के ऊपरी हिस्से में आया तो चोर छत से कूदकर भाग गए। श्यामू ने बंद कमरे की कुंडी खोलकर परिजनों को बाहर निकाला। परिजनों ने चोरी की पुलिस को सूचना दे दी।
आईएएस पवन को भी परिजनों ने चोरी हो जाने की सूचना रात में ही फोन से दे दी। पवन ने एस पी नितिन तिवारी को अपने आवास में चोरी हो जाने की सूचना दी। आईएएस के मकान में चोरी की जानकारी होते ही पुलिस में हड़कंप मच गया। सीओ सिटी आरके मिश्रा मौके पर आ गए। पुलिस ने परिजनों से भी चोरी के संबंध में जानकारी ली। परिजनों के बताए अनुसार पुलिस चोरी के शक में चार मजदूरों को हिरासत में लेकर पूछताछ की है। पवन के छोटे भाई हृदेश कुमार सिंह ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज करा दी है।

Saturday, November 5, 2011

नहीं बंद होने दी जाएगी कालिंदी एक्सप्रेस

प्रति वर्ष सर्दियों में कालिंदी एक्सप्रेस के बंद होने से हर वर्ग को परेशानी उठानी पड़ती है। इस वर्ष भी कालिंदी एक्सप्रेस को बंद किए जाने की घोषणा से व्यापारियों और आम लोगों में आक्रोश है। इस समस्या को लेकर नगर के प्रबुद्धजनों ने चरणबद्ध आंदोलन छेड़ने का निर्णय लिया है। सर्व सम्मति से निर्णय लिया गया कि आठ नवंबर को केंद्रीय रेलमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपकर आंदोलन की शुरूआत की जाएगी। आंदोलन के माध्यम से अन्य ट्रेनों के संचालन की भी पुरजोर मांग की जाएगी।
शुक्रवार को नगर के एक प्रतिष्ठान पर आयोजित वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता रामबाबू कुशवाह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में आंदोलन की रणनीति तैयार की गई। कुशवाह ने कहा कि कानपुर से दिल्ली के मध्य चलने वाली एक मात्र कालिंदी एक्सप्रेस के बंद होने से जनपद के कारोबारियों को बड़ा झटका लगता है। जन सहयोग से एक चरणबद्ध आंदोलन छेड़कर कालिंदी के संचालन को अनवरत जारी रखने और शिकोहाबाद-फर्रूखाबाद रूट पर अन्य ट्रेनों का संचालन कराने की मांग की जाएगी। आंदोलन तब तक जारी रहेगा जब तक जायज मांगें नहीं मानी जातीं।
बैठक में तय किया गया कि आंदोलन ‘कालिंदी बचाओ’ नारे को लेकर किया जाएगा। आठ नवंबर को पूर्वाह्न 11 बजे जुलूस के रूप में कलेक्ट्रेट पहुंचकर केंद्रीय रेलमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा जाएगा। इसके बाद रेलवे के उच्चाधिकारियों और क्षेत्रीय सांसद मुलायम सिंह यादव को फैक्स भेजकर कालिंदी का संचालन जारी रखने को सार्थक पहल करने की अपील की जाएगी। उन्होंने कहा कि कोई सार्थक परिणाम न आने पर नवंबर माह के तृतीय सप्ताह में रेलवे स्टेशन पर क्रमिक अनशन शुरू किया जाएगा। बैठक में राजपाल सिंह चौहान, राहुल राठौर, एके सिंह परमार, पंकज राठौर, अमित कुशवाह, प्रवीन भंसाली, पंकज गुप्ता आदि ने मौजूद थे।

Wednesday, March 2, 2011

अग्निकाण्ड ने खोली बचाव इंतजामों की पोल

मंगलवार को मैनपुरी नगर की नवीन गल्ला मंडी में अग्निकाण्ड के बाद बुधवार को सन्नाटा पसरा रहा। व्यापारियों में मायूसी दिखी तो विभिन्न दलों के नेताओं ने मंडी परिसर जाकर व्यापारियों को सांत्वना दी। पर अग्निकाण्ड के दौरान आग लगने से बचने के बचाव इंतजामों की पोल खुल गयी है।

मंगलवार को अग्निकाण्ड ने मंडी की 23 दुकानों को जलाकर राख कर दिया। इस अग्निकाण्ड में 58 लाख रुपये की सम्पत्ति का नुकसान होने की सूची जिला प्रशासन को सौंपी गई है। जिला प्रशासन इसकी तह में जाने की कोशिशों में जुट गया है। बुधवार को जो भी मंडी पहुंचा उसने अग्निकाण्ड के कारणों को जानने की कोशिश की। जिस सतनाम नामक व्यक्ति की दुकान से शार्ट सर्किट होने की बात कही जा रही है उस सतनाम ने दुकान में विद्युत कनेक्शन नहीं होने की बात कहकर शार्ट सर्किट की दावे को झुठला दिया है।

बडे़ अचरज की बात है कि नवीन मंडी में हर साल करोड़ों रुपए का कारोबार होता है लेकिन यहां मंडी प्रशासन ने अग्निकाण्ड से बचाव हेतु न के बराबर इंतजाम किये। यही वजह है कि जब आग लगने की सूचना पर आग बुझाने के प्रयास हुए तो मौके पर पानी तक उपलब्ध नहीं था। फायर बिग्रेड की गाड़ियों और व्यापारियों ने बमुश्किल आग पर काबू पाया। व्यापारियों में इस बात को लेकर आक्रोश बना हुआ है। दुकानदारों का कहना है कि आग लगने से जुडे़ सुरक्षा उपाय यदि पहले से होते तो अग्निकाण्ड में बड़ा नुकसान नहीं होता। कई दुकानदारों की लाखों रुपये की नकदी आग में जल गयी।  

अब सवाल यह पैदा होता है ... क्या मंडी प्रशासन और प्रशासन ... अब ऐसा दोबारा न होने पायें इस को सुनिश्चित करने के लिए कोई ठोस कदम उठाएंगे ! अगर हाँ ... तो कब तक ??

Saturday, February 19, 2011

कामकाज छोड़ टीवी से चिपके रहे क्रिकेट प्रेमी

शनिवार को विश्व कप क्रिकेट के शुरुआती मैच में भारत और बांग्लादेश के बीच टक्कर देखने के लिए क्रिकेट प्रेमी सारा कामकाज छोड़ टीवी से चिपके रहे। सरकारी कर्मचारी भी बहाने बनाकर मैच देखने के लिए दोपहर बाद ही अपने घरों पर पहुंच गए, जिससे दफ्तरों में सन्नाटा पसर गया।

शनिवार दोपहर 2 बजे ही घरों में काल बेल घनघना उठीं। पति देव को देख पत्‍ि‌नयां भी भौचक्की रह गयी। जैसे ही पति टीवी का रिमोट उठाकर मैच देखने बैठे तो पत्‍ि‌नयों को सारा माजरा समझ आ गया। हालांकि कई घरों में महिलाओं द्वारा सीरियल देखने को लेकर पतियों से तीखी नोंकझोंक भी हुई। वहीं वीक एंड के चलते भी सरकारी दफ्तरों में अधिकारी कर्मचारी दो बजते ही वहां से उठ लिये। दोपहर होते ही सड़कों पर सन्नाटा पसर गया।
वहीं क्रिकेट प्रेमियों ने मैच शुरू होने से पहले नगर के मोहल्ला सोतियाना में हवन यज्ञ कर ईश्वर टीम इंडिया की जीत के लिए प्रार्थना की। हवन में शिवम सक्सेना, बबलू, सतेन्द्र सक्सेना, रजत सक्सेना, सत्यम सक्सेना, रोहित सक्सेना, ईशू सक्सेना, दीपक सक्सेना, विक्रम चन्द्र अधौलिया, राजेन्द्र प्रकाश सक्सेना, दीपू लाला, प्रणल सक्सेना, अभिषेक सक्सेना आदि उपस्थित थे।

वहीं नगर के लॉर्ड कृष्णा एजूकेशनल एकेडमी में ड्राइंग कॉम्पटीशन में जीतो इंडिया जीतो 2011 क्रिकेट व‌र्ल्डकप प्रतियोगिता आयोजित कर टीम इंडिया की जीत की दुआएं की गयी। विद्यालय के प्रबंधक डॉ. राकेश गुप्ता ने बच्चों को पुरस्कार वितरित किये। प्रधानाचार्य रॉकमन सक्सेना ने प्रतियोगिता समापन किया।

Friday, February 18, 2011

रेल बजट से मैनपुरी को कोई उम्मीद नहीं ...

मैनपुरी जिले में रेल सेवाओं के विस्तार का सपना कब हकीकत में बदलेगा, यह कहना अब मुमकिन नहीं लगता है। रेल बजट आने वाला है, मगर जनपद के लोगों को इससे हमेशा की तरह ज्यादा उम्मीद नहीं है।
अभी तक अलीगढ़ से कानपुर देहात के झींझक कस्बे तक नये ट्रैक की चर्चाऐं होती थीं। रेल मंत्रालय ने गजरौला से मैनपुरी तक लाइन सर्वे के आदेश भी दिये थे, लेकिन सर्वे का क्या हुआ किसी को पता नहीं हैं। चर्चा तो थी कि मैनपुरी में जंक्शन, कुरावली में स्टेशन और फिर किशनी की ओर भी रेल लाइन का बिछना जल्दी संभव हो जायेगा।
रेल मंत्रालय ने गजरौला से संभल, बदायूं और एटा होकर मैनपुरी तक रेल लाइन बिछाने के लिए हरी झण्डी दी थी। उत्तर रेलवे के मुख्य वाणिज्य प्रवन्धक बूटा सिंह ने एक पत्र भी उत्तर प्रदेश सरकार के मुख्य सचिव को भेजा। इस पत्र के माध्यम से मुख्य सचिव को बताया गया कि नॉर्दर्न रेलवे के सर्वे आर्गनाइजेशन को प्रदेश में चार रेल लाइनों का सर्वे करके उसकी प्रोजेक्ट रिपोर्ट देने को कहा गया। इसी आशय का एक पत्र मैनपुरी के डीएम को भी भेजा गया।
पूर्व में रेलवे दिल्ली-कानपुर के बीच यातायात भार कम करने के लिए अलीगढ़ से एटा, मैनपुरी, किशनी, बिधूना होकर कानपुर देहात के झींझक तक रेल लाइन की जरूरत बता चुका है। गजरौला से मैनपुरी के बीच रेल लाइन का सर्वे इसी का संशोधित रूप माना जा रहा है। हालांकि जिले के जन प्रतिनिधियों ने भी कभी इस मामले को दमदारी से नहीं उठाया।

ऐसे में रेल मंत्री खुद ही कुछ करें इस जिले के लिए ... ऐसा लगता तो नहीं !

Monday, February 14, 2011

शाकाहार अपनायें, डायबटीज से मुक्ति पायें - डा. मनोज कुमार जैन

बदलती जीवन शैली और खान पान के कारण आज डायबटीज बीमारी बहुत तेजी से बढ़ रही है। देश में 5 करोड़ व्यक्ति इसकी चपेट में हैं। ये मानसिक तनाव बढ़ती चर्बी और व्यायाम की कमी के कारण होती है। अगर हम अपने भोजन में एल्कालाइन युक्त शाकाहार खीरा, भिण्डी, प्याज, लहसुन, व हरी पत्तेदार सब्जीयां ले व खाने के बीच में 1/4 कप करेले का जूस ले तो रक्त तथा मूत्र शुगर लेवल कंट्रोल में आ जाता है।
उक्त विचार मैनपुरी आये हुए नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय शाकाहार शोध संस्थान विशेषज्ञ डा. मनोज कुमार जैन ने व्यक्त किये। डायविटीज रोग पर चर्चा करते हुऐ डा. जैन ने कहा कि ये मेटाबालिज्म से सम्बंधित है, इसमें काब्रोहाइड्रेड और ग्लूकोज का आक्सीकरण पूर्ण रूप से नहीं हो पाता है। इसका मुख्य इंसुलिन की कमी है पैक्रियाज नाम का अंग इंसुलिन का सफ्राव करता है, जो ग्लूकोज की मात्रा को संतुलित बनाये रखता है। रक्त में ग्लूकोज की मात्रा कम या ज्यादा हो जाती है। अगर अपने भोजन में भीगा अनाज, सलाद व हरी पत्तेदार सब्जी, फल शाकाहारी भोजन ले तो इस रोग पर काबू पाया जा सकता है।
डा. जैन ने शाकाहार को कलयुग का अमृत बताते हुए कहा कि शाकाहारी भोजन सर्वोत्तम है। आज पश्चिमी देशों की जनता शाकाहार की ओर आकर्षित हो रही है। इसका प्रमुख कारण शाकाहार व स्वास्थ्य व पर्यावरण की सुरक्षा है साथ ही अनेक असाध्य व कष्टकारी रोगों कैंसर, एचआईवी, गठिया, अल्सर, बवासीर में लाभ दायक साबित हो रहा है। डब्लूएचओ ने 180 प्रकार की बीमारियों के नाम अपने समाचार पत्र में प्रकाशित किये है। जो मांसाहार से फैलाती है। इन बीमारियों से सोलियम नामक कीड़े से होती है। यह कीड़ा सुअर का मांस खाने से उत्पन्न होता है। सुअर की एक प्रजाति से एच1 एन1 वायरस संक्रमण से फैलने वाली स्वाइन फ्लू ने आज पूरे विश्व को आतंकित कर रखा है। इससे पूर्व बर्ड फ्लू मैड काउ जैसे रोगों ने भी पूरे विश्व में सनसनी फैला दी थी। आज आवश्यकता इस बात की है कि हम अपने भोजन में शाकाहार को वरीयता दे।

Monday, January 31, 2011

आखिर ये मंहगाई क्यों ?


कृषि प्रधान देश के इस छोटे से जनपद के किसान कृषि उत्पादन की दृष्टि से पिछडे़ नहीं हैं। सरकारी आंकडे़ तो यही बताते हैं। जिले में जिस तेजी से जनसंख्या का ग्राफ बढ़ा है, उतनी ही तेजी से कृषि उत्पादों में वृद्धि हुयी है। इस जनपद को लोग दुनिया में आलू, लहसुन की बम्पर पैदावार के लिये जानने लगे हैं, लेकिन किसानों की मेहनत पर जमाखोर पानी फेर रहे हैं। ये लोग खाद्यान्न का स्टॉक करके दाम ऊंचे करा देते हैं, जिससे जनता महंगाई की चक्की में पिस रही है।

वर्ष 2001 में जनपद की जनसंख्या 15 लाख 96 हजार 718 थी, जिसमें 19.30 प्रतिशत की वृद्धि हुयी बतायी जा रही है। यह वृद्धि इसलिये कोई खास मायने नहीं रखती है, क्योंकि पिछले 10 वर्षो में कृषि क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव आये हैं। भले ही किसानों को उनकी उपज का वाजिब मूल्य न मिला हो, परंतु 10 वर्ष पहले 1 लाख 43 हजार हेक्टेयर भूमि पर गेहूं का उत्पादन होता था। अब 20 हजार हेक्टेयर का क्षेत्रफल तो बढ़ा ही है, पहले 22 से 25 कुंतल प्रति हेक्टेयर पैदावार बढ़कर 23 से 34 कुंतल प्रति हेक्टेयर हो गयी है। इसी तरह आलू का रकबा 12 हजार हेक्टेयर से बढ़कर 35 से 40 हजार हेक्टेयर हो गया है। पहले आलू का प्रति हेक्टेयर उत्पादन 150 से 180 कुंतल था, जो बढ़कर 290 कुंतल पहुंच गया है।

दूसरी ओर, आसमान चूमती महंगाई के चलते जो गेहूं दस वर्ष पहले 4 रुपये किलो बिकता था, अब 11 से 12 रुपये किलो बिक रहा है। आलू एक रुपये का दो किलो बिकता था, आज 4 से 5 रुपये प्रति किलो बिक रहा है। सही मायने में डिमाण्ड ज्यादा और खपत कम होना महंगाई बढ़ने का कारण न होकर मुनाफाखोरों पर अंकुश न लगा पाना है। वह बाजार में कृत्रिम अभाव दिखाकर महंगाई को आसमान पर लटकाये रहते हैं, जिससे जनता पिस रही है।

दलहनी फसलों का उत्पादन हुआ कम

मैनपुरी जनपद में दलहन की पैदावार में भारी कमी आई है। अरहर, मूंग, उर्द की फसलें सिमटकर रह गई हैं। दस साल पहले अरहर और उर्द, मूंग की जनपद में बम्पर पैदावार होती थी, जो अब घटकर शून्य के करीब आ गयी है। दस वर्ष पहले सरकारी आंकड़ों के अनुसार प्रति व्यक्ति 72 ग्राम दाल प्रति दिन मिल जाती थी। अब वह घटकर 32 ग्राम ही रह गयी है। तिलहन और खाद्यान्न के मामले में जनपद आत्म निर्भर है।   
मूंगफली बनी वरदान

मैनपुरी जनपद में पिछले दस वर्षो में ग्रीष्मकालीन मूंगफली का नया रकबा विकसित हुआ है। इस समय 36 हजार हेक्टेयर में मूंगफली की खेती होती है। 26 कुंतल तक प्रति हेक्टेयर पैदावार देने वाली मूंगफली से जनपद के किसानों को 235 करोड़ रुपये का मुनाफा हो रहा है। रुपये की लागत में 2.30 पैसे का मुनाफा हो रहा है।

  © Blogger template 'A Click Apart' by Ourblogtemplates.com 2008

Back to TOP